रायपुर । छत्तीसगढ़ के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के विकास को गति देने के लिए दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर इन कार्यों के लिए कुल 6 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
गोबरी नदी पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल
स्वीकृत कार्यों में गंगोटी-शिवप्रसादनगर से डुमरिया मार्ग पर गोबरी नदी में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण प्रमुख है। इसके लिए 3 करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
पुल के निर्माण से नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में सहूलियत होगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कुम्दाबस्ती से जुना तालाब बांधभीठ तक बनेगी सड़क
दूसरा महत्वपूर्ण कार्य ग्राम पंचायत कुम्दाबस्ती से जुना तालाब बांधभीठ तक 2.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण है। इस मार्ग का निर्माण पुल-पुलियों सहित किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 46 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का विस्तार होगा और लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भटगांव विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अंचलों में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इन दोनों कार्यों की स्वीकृति को क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।