संजय दत्त के फैन को हाईकोर्ट से राहत, शर्तों के साथ निजी परिसर में मना सकेंगे ‘बाबा’ का जन्मदिन

बिलासपुर  | बॉलीवुड अभिनेता Sanjay Dutt के एक जबरा फैन को जन्मदिन समारोह आयोजित करने के लिए हाईकोर्ट से राहत मिल गई है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने की अनुमति दे दी है, लेकिन यह आयोजन शहर से दूर एक निजी परिसर में और तय शर्तों के साथ ही किया जाएगा।

जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने गुरुदेव अवस्थी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह सशर्त आदेश जारी किया। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक सड़क, चौक या आम यातायात में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। साथ ही ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करना होगा।

एसडीएम ने खारिज कर दी थी अनुमति

गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए बिलासपुर के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के पास अनुमति आवेदन दिया था। हालांकि, एसडीएम ने 21 जुलाई 2026 को आवेदन यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि पिछले वर्ष मध्य नगरी चौक पर आयोजित कार्यक्रम के कारण यातायात बाधित हुआ था और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी थी।

इसके बाद याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

इस बार निजी हॉल में होगा आयोजन

याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि इस बार कार्यक्रम किसी सार्वजनिक स्थान पर नहीं होगा। समारोह बिलासपुर शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित The Country Club के निजी और बंद हॉल में आयोजित किया जाएगा।

याचिकाकर्ता ने अदालत को भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम से आम लोगों को परेशानी नहीं होगी और सभी नियमों का पालन किया जाएगा।

प्रशासन ने भी जताई सहमति

राज्य सरकार की ओर से पेश डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट शोभित मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि आयोजन स्थल निजी परिसर में होने और आयोजक द्वारा शर्तों के पालन का आश्वासन देने के बाद प्रशासन को अनुमति देने में कोई आपत्ति नहीं है।

पिछले साल सड़क पर हुआ था जश्न

गौरतलब है कि पिछले वर्ष संजय दत्त के जन्मदिन का जश्न बिलासपुर के व्यस्त मध्य नगरी चौक पर मनाया गया था। बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। इस मामले में मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने प्रशासनिक अधिकारियों से जवाब मांगा था और नाराजगी जताई थी।

इसी घटना को देखते हुए इस बार एसडीएम ने सार्वजनिक स्थान पर कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशंसक निजी परिसर में निर्धारित नियमों के तहत संजय दत्त का जन्मदिन मना सकेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *