नई दिल्ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी के चाणक्यपुरी स्थित नवीनीकृत गोवा निवास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली वास्तव में भारत का मिनी इंडिया है, जहां देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराएं और त्योहार एक साथ मिलकर विविधता में एकता की खूबसूरत तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने गोवा निवास के नवीनीकृत स्वरूप की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
विविध संस्कृतियों का संगम है दिल्ली
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का संगम भी है। यहां देश के हर हिस्से के लोग रहते हैं और अपनी भाषा, संस्कृति तथा त्योहारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि गोवा निवास का नया स्वरूप गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राजधानी में प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
गोवा सरकार और अधिकारियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गोवा निवास के नवीनीकरण से जुड़े गोवा सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी संबंधित लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता में निहित है। अलग-अलग भाषाओं, परंपराओं और जीवनशैलियों के बावजूद देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य ऐसे सांस्कृतिक केंद्र करते हैं।
गोवा निवास का नवीनीकृत स्वरूप इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। इससे राजधानी में आने वाले लोगों को गोवा की संस्कृति और विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।