15 जुलाई से 15 अगस्त तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा लाल किला, ASI ने जारी किया आदेश

नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि इस अवधि में किसी भी पर्यटक को किले में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

एएसआई के अनुसार, हर वर्ष 15 अगस्त के राष्ट्रीय समारोह की तैयारियों के दौरान लाल किले में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई जाती है। इस वर्ष भी 15 जुलाई से 15 अगस्त तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।

आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय Ancient Monuments and Archaeological Sites and Remains Rules, 1959 के नियम-5 के तहत लिया गया है। 9 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न होने तक लाल किला आम जनता के लिए बंद रहेगा।

15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए परिसर में मंच निर्माण, सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती, रिहर्सल और अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा एजेंसियों के नियंत्रण में रखा गया है।

एएसआई ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इस अस्थायी बंदी को ध्यान में रखें। स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद सुरक्षा प्रतिबंध हटने पर लाल किला फिर से आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।

हर वर्ष राष्ट्रीय समारोह के दौरान लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाते हैं। इसी कारण समारोह से पहले एक महीने तक ऐतिहासिक स्मारक में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *