दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों पर हमला, केस वापसी का आरोप; सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन

बेमेतरा। जिले में दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों पर हमले और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने घायल अवस्था में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम बेवरा निवासी रोहित कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। उनके सिर पर पट्टी बंधी थी और वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दिए। परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें आरोपी फिलहाल जेल में बंद है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी मामले को वापस लेने के लिए आरोपी पक्ष के लोग लगातार दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर धमकियां व मारपीट की जा रही है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी।

पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें सुरक्षा और न्याय नहीं मिला तो वे किसी गंभीर कदम के लिए मजबूर हो सकते हैं। फिलहाल परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। मामले पर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *