रायपुर । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में भारतीय सेना के जवानों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों और अन्य रैंक के कुल 72 सैन्यकर्मियों ने सहभागिता की।
छात्राओं ने जवानों की कलाई पर बांधी राखी
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सैन्यकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात समर्पित जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और आभार व्यक्त किया। राखी के पवित्र धागे ने सैनिकों और विद्यार्थियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया।
पोस्टकार्ड पर सैनिकों के नाम लिखे संदेश
कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत विद्यार्थियों ने नवा रायपुर के पोस्टकार्ड पर भारतीय सेना के जवानों के लिए अपने हाथों से पत्र और संदेश लिखे। बच्चों ने सैनिकों के साहस, त्याग और देशसेवा के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उनके सुरक्षित रहने तथा राष्ट्र की रक्षा में सदैव सफल होने की कामना की।
जवानों ने साझा किए सेना के अनुभव
इस अवसर पर सैन्यकर्मियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर भारतीय सेना के जीवन, अनुशासन और कार्यप्रणाली से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने, जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजन में स्टेशन मुख्यालय, रायपुर के प्रशासनिक कमांडेंट कर्नल अभिषेक उनियाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समन्वय एवं संचालन में सूबेदार राज किशोर ने योगदान दिया। इस अवसर पर कर्नल अरिंदम मजूमदार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों ने अपने संदेशों और भावनाओं के माध्यम से देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति का भाव प्रकट किया। पोस्टकार्ड पर लिखे बच्चों के संदेशों में सैनिकों के प्रति समाज की श्रद्धा और विश्वास की भावनात्मक झलक देखने को मिली।