राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की युवा वेटलिफ्टर सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने एशियाई स्तर पर जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में सुश्री ज्ञानेश्वरी देश के लिए और बड़े कीर्तिमान स्थापित करेंगी और युवा पीढ़ी को खेलों की ओर प्रेरित करेंगी।