कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने चिरमिरी-खड़गवां क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का लिया जायजा

चिरमिरी। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने हाल ही में चिरमिरी एवं खड़गवां क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, संस्थानों और ग्राम पंचायतों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत चिरमिरी स्थित मंगल भवन से हुई, जहां कलेक्टर ने सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने साउंड सिस्टम की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए इसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का निरीक्षण किया गया, जिसमें हेलीपैड क्षेत्र में बांस-बल्ली की उचित व्यवस्था और प्रस्तावित राम कथा आयोजन की सुरक्षा एवं प्रबंधों की समीक्षा शामिल रही।

कलेक्टर ने पोड़ीडीह स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध खाली भूमि का उपयोग जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन के लिए करने पर बल दिया और तालाब निर्माण, जल रिचार्ज संरचनाएं एवं वर्षा जल संरक्षण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बोड़ेमुड़ा, पेंड्री और बरदर का दौरा कर महतारी सदनों का निरीक्षण किया और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण अभियान चलाने और कुएं, डबरी, तालाब आदि जल संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *