छत्तीसगढ़ | अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में राजनांदगांव जिले में आगामी पंचायत चुनाव, पर्व-त्योहारों और संवेदनशील परिस्थितियों को लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान विजिबल पुलिसिंग, त्वरित रिस्पांस, साइबर मॉनिटरिंग और पुलिस अनुशासन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर और डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी अंकिता शर्मा ने पूर्व में हुई संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत कर अधिकारियों को कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और प्रभावी पुलिस रिस्पांस देने के निर्देश दिए।
क्विक रिस्पांस टीम की समीक्षा
एसपी ने “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बताया कि टीम को करीब एक माह पहले गठित किया गया था। यह टीम पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में हर समय अलर्ट मोड में तैनात रहती है और किसी भी आपात स्थिति में 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।
थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने और जरूरतमंद लोगों की संवेदनशीलता के साथ मदद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत चुनाव और त्योहारों के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं तथा गणमान्य नागरिकों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
एसपी अंकिता शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और समय-समय पर अधिकृत जानकारी जारी कर अफवाहों का खंडन किया जाए।
रात्रि गश्त और मॉक ड्रिल होगी तेज
बैठक में रात्रि गश्त मजबूत करने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक के अंत में एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।