रायपुर प्रेस क्लब बनेगा हाईटेक, एक करोड़ की लागत से होगा आधुनिकीकरण; आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

रायपुर |  राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की लागत से रायपुर प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण जल्द शुरू किया जाएगा।

गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान भवन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन किया गया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रेस क्लब

प्रस्तावित योजना के तहत रायपुर प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग जोन, लाउंज हॉल, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जिम हॉल, सुविधायुक्त शौचालय और आकर्षक लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस परियोजना का उद्देश्य राजधानी के पत्रकारों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।

पत्रकारों से लिए गए सुझाव

निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क आयुक्त ने वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों से चर्चा कर उनके सुझाव भी लिए, ताकि प्रेस क्लब का विकास भविष्य की जरूरतों के अनुरूप किया जा सके।

साथ ही नगर निगम को निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त ने भी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष ने जताया आभार

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को आधुनिक स्वरूप देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य शासन द्वारा इस परियोजना के लिए स्वीकृत राशि को पत्रकार समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *