डॉ. रमन सिंह की कार्यकर्ताओं को नसीहत, बोले- चुनाव में ढाई साल बाकी, पद नहीं संगठन मजबूत करने पर दें ध्यान

कवर्धा |  भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब करीब ढाई साल का समय बचा है, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पद की अपेक्षा छोड़कर पार्टी और सरकार के लिए पूरी ताकत से काम करना चाहिए।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल के ढाई साल पूरे हो चुके हैं और अब बाकी बचे समय में संगठन को और मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।

‘पद नहीं, संगठन की मजबूती पर दें ध्यान’

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पार्टी में सभी महत्वपूर्ण संगठनात्मक और राजनीतिक पद भरे जा चुके हैं। ऐसे में किसी को भी पद नहीं मिलने को लेकर नाराजगी या मनमुटाव नहीं रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी समय और आवश्यकता के अनुसार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देती है। हर कार्यकर्ता को अवसर मिलता है, लेकिन फिलहाल संगठन को प्राथमिकता देना जरूरी है।

40 साल के राजनीतिक अनुभव का दिया उदाहरण

डॉ. रमन सिंह ने अपने करीब 40 वर्षों के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भी पार्टी नेतृत्व के फैसलों पर भरोसा रखते हुए संगठन हित में काम करना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *