रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगी। यह प्रवेश प्रक्रिया नवीन शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत आयोजित की जा रही है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगी। असफल फीस ट्रांजेक्शन वाले अभ्यर्थियों के लिए पुनः फीस जमा करने की सुविधा 16 अगस्त को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रथम चरण में ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर 18 अगस्त 2026 को प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आबंटन किया जाएगा।
आबंटित सीट के लिए दस्तावेजों का परीक्षण 20 से 22 अगस्त तक कृषि महाविद्यालय रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपनी प्रोविजनल सीट सुरक्षित करने के लिए 20 से 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
विश्वविद्यालय ने बताया कि पीएटी काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही है। यदि किसी अभ्यर्थी को सीट आबंटित होने के बाद वह सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है और अगले चरण की काउंसलिंग में शामिल होना चाहता है, तो उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
25 अगस्त से शुरू होगी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग
जिन अभ्यर्थियों को अब तक कोई सीट आबंटित नहीं हुई है, वे स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए 20 से 24 अगस्त 2026 तक रात 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, सीट सुरक्षित करने के बाद प्रवेश प्रक्रिया से हटने वाले अभ्यर्थी भी इसी अवधि में सीट निरस्त करा सकेंगे।
रिक्त एवं आबंटित सीटों की जानकारी 25 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी 25 अगस्त को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
स्पॉट काउंसलिंग के तहत प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय आबंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। इस दौरान दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय रायपुर में उपस्थित होना होगा।
वहीं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए सीट आबंटन, दस्तावेज परीक्षण एवं फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 को कृषि महाविद्यालय रायपुर में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का अवलोकन कर सकते हैं।