रायपुर : सेंट्रल जेल जगदलपुर में मनाया गया मासिक धर्म स्वच्छता दिवस

“पीरियड पर खुलकर” थीम के साथ महिला कैदियों के बीच जागरूकता और संवाद का अनूठा आयोजन

सेंट्रल जेल जगदलपुर में मनाया गया मासिक धर्म स्वच्छता दिवस

मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करने तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को सेंट्रल जेल जगदलपुर में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम “पीरियड पर खुलकर” थीम पर आधारित था।

कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध लगभग 150 महिला कैदियों ने सहभागिता की। महिलाओं के बीच इस विषय को लेकर संकोच और झिझक का माहौल दिखाई दिया, लेकिन संवाद आगे बढ़ने के साथ वातावरण आत्मीय और सहज होता गया। गाइड कैप्टन एवं जिला सचिव ने मासिक धर्म से जुड़े विषयों को महिलाओं के दैनिक जीवन और स्वास्थ्य से जोड़ते हुए बेहद संवेदनशील तरीके से चर्चा की, जिससे महिलाएं खुलकर अपनी बात रखने लगीं।

इसी दौरान महिला कैदी पदमा ने गोंडी भाषा में पहली बार अपने प्रथम मासिक धर्म के अनुभव और उस समय की मानसिक स्थिति साझा की। उनके अनुभव साझा करने के बाद अन्य महिलाओं ने भी साहस दिखाते हुए मासिक धर्म के दौरान होने वाली शारीरिक समस्याओं, सामाजिक संकोच और पारिवारिक चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की। इस संवाद ने कार्यक्रम को बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।

वक्ताओं ने बताया कि मासिक धर्म केवल महिलाओं से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इसमें पुरुषों की जागरूकता और संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक है। यदि परिवार और समाज में पुरुष वर्ग इस विषय को समझेगा, तो महिलाओं को इन दिनों में अधिक सहयोगी और सकारात्मक वातावरण मिल सकेगा।

जिला संगठन आयुक्त श्री दसरू यादव ने महिला कैदियों को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दीं। समापन अवसर पर जिला प्रशिक्षण आयुक्त जेपी पाठक ने इस तरह के संवेदनशील और शिक्षाप्रद आयोजन के लिए जेल प्रशासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर तथा यूनिसेफ द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान लगातार विस्तार पा रहा है। इसके तहत 27 मई को ‘नई उड़ान’ समर कैंप में भी युवाओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर खुली चर्चा आयोजित की गई थी।

संस्था द्वारा आगामी जून माह में बस्तर जिले के सभी ब्लॉकों में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस दौरान जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्टाफ के साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर के जिला संगठन आयुक्त दसरू राम यादव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त जेपी पाठक, जिला सचिव  लिलेश कुमार देवांगन तथा गाइड कैप्टन इन्द्रो टेकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *