रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित ऐश्वर्या अंपायर सोसाइटी में “Yoga with Lily” की ओर से एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से भरपूर रहा।
इस मौके पर सोसाइटी के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था ने अपने सफल चार वर्ष पूरे होने का भी उत्सव मनाया।
योग और जागरूकता पर आकर्षक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में योग साधकों द्वारा योग और स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित नृत्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने योग के महत्व को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता नितिन श्रीवास्तव ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली तनावमुक्त जीवन के लिए बेहद आवश्यक है।
योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन मंजुला चंद्राकर ने किया। अंत में प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल योग दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की एक प्रेरणादायक पहल है।
“Yoga with Lily” परिवार ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों ने इस कार्यक्रम को सफल और यादगार बना दिया।