रायपुर में रफ़्तार स्कॉलरशिप कार्यक्रम, 56 अनाथ बच्चों को दी गई शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति

रायपुर । ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से रायपुर के बैरन बाजार स्थित अल-फलाह टावर में रफ़्तार स्कॉलरशिप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनाथ बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग देना है। इस योजना के तहत 56 अनाथ बच्चों को शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। फाउंडेशन द्वारा यह कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम में ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के प्रमुख जनाब ज़हूर साहब, साइंस सेंटर के डायरेक्टर जनाब वसीम साहब (IAS), जनाब शाहिद साहब (IFS), महल्ला मेडिकल ऐप के संस्थापक जनाब अली शेर साहब, नागपुर के प्रख्यात विद्वान डॉ. अय्यूब साहब, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जनाब शफीक अहमद साहब तथा वैदिक न्यूज चैनल की मैनेजिंग डायरेक्टर सैय्यद सलमा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के प्रमुख जनाब ज़हूर साहब ने देशभर में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और जनसेवा के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

जनाब वसीम साहब ने बच्चों के जीवन में विज्ञान और वैज्ञानिक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, जनाब अली शेर साहब ने बच्चों की प्रगति में मां की भूमिका और जीवन में उनके योगदान को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया। जनाब शफीक अहमद साहब ने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अच्छे चरित्र को अपनाने पर जोर देते हुए दीन और दुनिया के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही।

नागपुर से आए डॉ. अय्यूब साहब ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अंग्रेजी भाषा में पीएचडी कर चुके डॉ. अय्यूब उर्दू, अरबी, संस्कृत और फारसी भाषाओं के भी विद्वान हैं।

कार्यक्रम के दौरान फखरा साहिबा ने बच्चों और उनकी माताओं का उत्साहवर्धन किया। रूही मैम, श्रीमती अन्या और अन्य शिक्षकों ने बच्चों के लिए शैक्षणिक परामर्श की व्यवस्था की। वहीं, डॉ. अल्ताफ साहब ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सा परामर्श प्रदान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद असलम, तुफैल साहब, फहीम साहब, हैदर साहब, अहद साहब, साद साहब, माज़ और अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में जनाब फहीमुल्लाह साहब ने अतिथियों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी अभिभावकों, अतिथियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *