छत्तीसगढ़ में पल्स पोलियो अभियान: 35.98 लाख बच्चों को मिलेगी पोलियो की दो बूंद, 57 हजार से ज्यादा वैक्सीनेटर तैनात

रायपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में रविवार को पांच वर्ष तक के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

राज्यभर में 14,396 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए 28,791 टीमों के साथ 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं।

घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें

बूथ दिवस के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने दूरस्थ गांवों, वन क्षेत्रों, शहरी बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और प्रवासी परिवारों के बच्चों तक विशेष पहुंच बनाने की योजना तैयार की है।

सभी जिलों में तैयारियां पूरी

अभियान के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला और विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें कर विभागों के बीच समन्वय बनाया गया है। वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन व्यवस्था और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी. आर. भगत ने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ पर जरूर लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण या पहले पल्स पोलियो खुराक लेने के बावजूद हर बच्चे को इस अभियान में पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलानी चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *