डिजिटल दुनिया से विश्व पटल तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का पर्यटन: मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन्फ्लूएन्सर्स से की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनपुर (अंबिकापुर) में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से संवाद किया।

मंत्री ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल माध्यम पर्यटन और संस्कृति को नई पहचान दिलाने का सबसे प्रभावी जरिया बन चुका है। उन्होंने युवाओं से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और लोक संस्कृति को रचनात्मक तरीके से दुनिया के सामने लाने की अपील की।

पर्यटन स्थलों के प्रचार पर जोर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर और दंतेवाड़ा जैसे कई महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल हैं, जिन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलता है।

स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश

संवाद के दौरान मंत्री ने स्वच्छता को सफल पर्यटन की आधारशिला बताया। उन्होंने इन्फ्लूएन्सर्स से सोशल मीडिया के माध्यम से स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रामगढ़ महोत्सव के प्रचार की अपील

मंत्री ने आगामी 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव के प्रचार-प्रसार में डिजिटल क्रिएटर्स से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास को नई पहचान दिलाने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना, सांस्कृतिक आयोजनों और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में डिजिटल क्रिएटर्स ने भी छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को नई शैली में प्रस्तुत करने, स्वच्छता और संस्कृति के प्रचार में सहयोग देने का संकल्प लिया। यह पहल छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *