रायपुर । लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री बंसल ने अधिकारियों से कहा कि सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखा जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी और अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश
सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने कहा। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों और कार्यस्थलों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो सके।
उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और निरीक्षण करने को कहा। ठेकेदारों के कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अक्टूबर तक शुरू हों स्वीकृत कार्य
श्री बंसल ने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। कार्य प्रारंभ होने के बाद उसकी प्रगति के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी लगातार नजर रखी जाए।
उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
भू-अर्जन एवं नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम के साथ समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए एवं पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्यवाही एक माह के भीतर पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए।
विश्रामगृहों और विभागीय भवनों के रखरखाव पर जोर
बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट हाउस के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। श्री बंसल ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई, नियमित रखरखाव और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव सुश्री अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे एवं श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।