उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति नीलेश खांडे व चित्ररेखा तारक सम्मानित

रायपुर । जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 में आदिवासी विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति श्री नीलेश खांडे एवं श्रीमती चित्ररेखा तारक को उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी सम्मान से सम्मानित किया गया। जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने दोनों को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय लंगेह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार भी उपस्थित रहे।

श्री नीलेश खांडे को जिला स्तर पर यह सम्मान चौथी बार प्राप्त हुआ है। इससे पहले वे राज्य स्तर पर भी दो बार उत्कृष्ट अधीक्षक के रूप में सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2016 में सरायपाली विकासखंड के ग्राम बलौदा छात्रावास में पदस्थापना के दौरान उन्होंने जनसहयोग से स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी की स्थापना की थी। इस पहल का विद्यार्थियों को लाभ मिला और छात्रावास के शैक्षणिक परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ। कई विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होकर आगे की प्रतियोगी संस्थाओं में चयनित हुए।

इसी तरह श्रीमती चित्ररेखा तारक ने प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, बिछिया (बसना) में शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत सुधारों पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से छात्रावास की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया।

दंपत्ति की कार्यकुशलता और नवाचार को देखते हुए उन्हें नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। दोनों ने जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए संस्था के उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्तमान में जिला मुख्यालय में पदस्थ श्री नीलेश खांडे और श्रीमती चित्ररेखा तारक प्रशासनिक एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। श्री नीलेश खांडे पीएम जनमन, धरती आबा और आदि कर्मयोगी अभियान को वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारी के रूप में विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

दोनों अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य और नवाचार को सम्मान मिलने से विभागीय कर्मचारियों में भी बेहतर कार्य करने और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरणा मिली है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *