राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को बस्तर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का प्रस्तावित बस्तर दौरा छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। राष्ट्रपति 22 एवं 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी उनसे क्षेत्र का दौरा करने का आग्रह किया गया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

नक्सल हिंसा प्रभावित लोगों को मिलेगा संबल

मुख्यमंत्री श्री साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें। श्री शाह के संबोधन से प्रभावित परिवारों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें नई उम्मीद मिली है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर दौरा, नक्सल हिंसा प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सशक्तीकरण के प्रयास तथा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच जैसे आयोजन छत्तीसगढ़ के विकास, सम्मान और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *