राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से की मुलाकात

भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लंदन में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की। उन्होंने यह मुलाकात ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले की। राष्ट्रपति मुर्मु महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ब्रिटेन की तीन दिवसीय यात्रा पर गई हैं। राष्ट्रपति ने लंदन के वेस्टमिंस्टर हाल में दिवंगत आत्मा को अपने और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बंग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना से मुलाकात की। उन्होंने यह मुलाकात महारानी के राजकीय अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले की।’ इससे पहले राष्ट्रपति ने बकिंघम ब्रिटेन के नए किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की थी। किंग चार्ल्स से मुलाकात के बाद द्रौपदी मुर्मु ने महारानी एलिजाबेथ को श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृति में शोक पुस्तक पर हस्ताक्षर किए।

बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मु 17 से 19 सितंबर तक तीन दिवसीय यात्रा पर ब्रिटेन गई हैं। वह भारत सरकार की ओर से लंदन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंची हैं। वह शनिवार को लंदन के गैटविक हवाई अड्डे पर पहुंचीं। राष्ट्रपति के साथ विदेश सचिव विनय क्वात्रा सहित अन्य लोग 08:50 बजे लंदन पहुंचे, इसके बाद सभी लोग होटल के लिए रवाना हुए। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त ने राष्ट्रपति सहित अन्य का स्वागत किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *