नारायणपुर । आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को गरिमामय, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जनभागीदारी की भावना के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए।
हाईस्कूल मैदान में होगा मुख्य समारोह
15 अगस्त 2026 को मुख्य समारोह स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में आकर्षक मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान और विभिन्न विभागों की सहभागिता प्रमुख आकर्षण होंगे।
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
बैठक में समारोह स्थल की व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए। इनमें मंच निर्माण एवं साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, यातायात एवं पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया समन्वय, आमंत्रण पत्र वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, अग्निशमन व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल सहित अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
देशभक्ति आधारित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रम देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना पर आधारित होंगे। प्रस्तुतियों का पूर्वाभ्यास समयबद्ध रूप से कराया जाएगा और अंतिम रिहर्सल के बाद चयनित कार्यक्रमों को समारोह में शामिल किया जाएगा।
वहीं परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विभागों को जिम्मेदारी
समारोह स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था, नगर पालिका द्वारा स्वच्छता एवं पेयजल, विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग द्वारा मंच एवं बैरिकेडिंग तथा अग्निशमन दल द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस विभाग को यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।