रायपुर। दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने रायपुर के अंबेडकर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे भीगते हुए भी केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने छात्रों पर हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
अंबेडकर चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।