पीएम स्वनिधि से छोटे कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता के सपनों को लग रहे पंख : अरुण साव

बिलासपुर । छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में पीएम स्वनिधि योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना ने ठेला-खोमचा लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराकर उनके कारोबार को नई गति दी है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में कही।

श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से मजबूत बनें और सम्मान के साथ अपना जीवन यापन करें। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से अब छोटे व्यवसायियों को साहूकारों के महंगे कर्ज से राहत मिल रही है। उनकी मेहनत की कमाई अब ब्याज चुकाने के बजाय कारोबार बढ़ाने, बच्चों की शिक्षा और परिवार की खुशहाली में खर्च हो रही है।

स्मार्ट ठेला पंजीयन की शुरुआत, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ किया और इसके पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी और कारोबार संचालन में सुविधा होगी। इस अवसर पर हितग्राहियों को यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स भी वितरित किए गए। साथ ही सफल पथ विक्रेताओं और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया।

तीन चरणों में 15 हजार से 50 हजार रुपये तक ऋण

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान छोटे कारोबारियों की आजीविका को पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने हितग्राहियों से नियमित रूप से ऋण चुकाने और योजना के अगले चरण का लाभ लेकर अपने कारोबार का विस्तार करने की अपील की। साथ ही डिजिटल लेन-देन अपनाने और पात्र हितग्राहियों के लिए 30 हजार रुपये तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

20 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होगा छत्तीसगढ़ और बिलासपुर

श्री साव ने बिलासपुर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को देश में दूसरा और छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा को पहला स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरीय निकायों, बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और हितग्राहियों को बधाई दी।

प्रदेश में 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को 282 करोड़ रुपये का ऋण

सम्मेलन में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 282 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है।

कार्यक्रम में सफल पथ विक्रेताओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी। वहीं स्वनिधि चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण की पहल की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने बताया योजना को छोटे कारोबारियों के लिए वरदान

विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। पथ विक्रेता भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पीएम स्वनिधि योजना उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास और सम्मान भी प्रदान कर रही है।

बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे रही है। उन्होंने पात्र लोगों को योजना से जोड़ने और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी योजना को छोटे व्यवसायियों के लिए निजी कर्ज की परेशानियों से राहत दिलाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने कहा कि सड़क, हाट-बाजार और चौक-चौराहों पर व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेता आम नागरिकों की दैनिक जरूरतें पूरी करते हैं। वे न केवल अपनी आजीविका चलाते हैं, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करते हैं। उन्होंने बैंकर्स से ऋण प्रक्रिया की औपचारिकताओं को सरल बनाने और छोटे उद्यमियों को बेहतर सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक श्री नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल, बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, कोरबा निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के लिए केवल ऋण उपलब्ध कराने की पहल नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *