बिलासपुर । पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को मिल रहे प्रोत्साहन और उनकी मेहनत को सम्मान देने के उद्देश्य से बिलासपुर में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के स्टॉल्स का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पथ विक्रेताओं से उनके कारोबार, उत्पादों की गुणवत्ता, बिक्री और आमदनी के संबंध में आत्मीय चर्चा की तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों की सराहना कर उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अन्य अतिथियों के साथ इन स्टॉल्स का भ्रमण किया और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया। उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पीने के साथ गुपचुप और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन फरा का स्वाद भी चखा।
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में महिला हितग्राहियों से किया संवाद
स्वनिधि महोत्सव का विशेष आकर्षण ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ रहा, जहां उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पीएम स्वनिधि योजना की महिला लाभार्थियों के साथ मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पीते हुए खुलकर बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से उनके व्यवसाय, संघर्ष, अनुभव और योजना से मिले आर्थिक लाभों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान महिला पथ विक्रेताओं ने योजना से मिले सहयोग और अपने कारोबार में आए बदलावों के अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्थानीय परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ के माध्यम से स्थानीय परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ प्लास्टिक के विकल्प के रूप में मिट्टी के कुल्हड़ों के उपयोग का संदेश भी दिया गया। सहज और आत्मीय माहौल में आयोजित इस संवाद ने महिला हितग्राहियों को अपनी बात रखने और सफलता की कहानियां साझा करने का अवसर दिया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव की स्ट्रीट वेंडर्स के साथ इस आत्मीय मुलाकात ने महोत्सव को विशेष बना दिया। यह आयोजन पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों, विशेषकर महिला पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।