नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। यह पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और 11 जुलाई को भारत लौट आएंगे। यह दौरा भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के बाद हो रहा है, जिसे दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस दौरे की पुष्टि करते हुए इसे दोनों देशों के लिए “ऐतिहासिक” बताया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूजीलैंड की आर्थिक प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार है।
भारत और न्यूजीलैंड ने 27 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय उत्पादों को अपने बाजार में 100% शुल्क मुक्त करने का निर्णय लिया है। इससे कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग सामान, जेम्स-ज्वैलरी जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
समझौते के तहत भारत ने भी न्यूजीलैंड के लगभग 70% उत्पादों पर शुल्क में कटौती या चरणबद्ध समाप्ति पर सहमति जताई है, जबकि डेयरी और कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को इससे बाहर रखा गया है।
इसके अलावा न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य रखा है। समझौते से भारतीय पेशेवरों और छात्रों के लिए भी रोजगार और शिक्षा के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।