नई दिल्ली | इजरायल जाने वाली फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कथित तौर पर हमले और विमान को हाईजैक करने की कोशिश के मामले में ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी से UAE में पूछताछ जारी है। विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि हमाम ने कथित तौर पर 11 सितंबर 2001 जैसे हमले की साजिश रची थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, उसका कथित मकसद विमान को इजरायल के तेल अवीव में किसी इमारत से टकराना था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक तौर पर पूरी पुष्टि UAE या इजरायल की ओर से नहीं की गई है।
कैप्टन पर हमला कर विमान हाईजैक करने का आरोप
इटली के अखबार Corriere della Sera की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हमाम ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने, विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और उसके बाद विमान को तेल अवीव की किसी इमारत से टकराने की योजना बनाई थी।
रिपोर्ट में इजरायली खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि हमाम ने कथित तौर पर विमान के इंजन बंद करने की भी योजना बनाई थी।
जांच में अकेले साजिश रचने की बात
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल की शुरुआती जांच में फिलहाल हमाम के अलावा किसी दूसरे व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उसने विमान के दोनों इंजनों के फ्यूल स्विच को ‘RUN’ से ‘CUT-OFF’ स्थिति में करने की कोशिश की थी।
‘बेन गुरियन एयरपोर्ट पर विमान क्रैश करना मेरा सपना था’
पूछताछ के दौरान हमाम ने कथित तौर पर अधिकारियों से कहा कि बेन गुरियन एयरपोर्ट पर विमान क्रैश करना उसका सपना था।
The Jerusalem Post की रिपोर्ट के मुताबिक, हमाम ने पहले यह पता लगाया था कि कौन-कौन सी एयरलाइंस तेल अवीव के लिए उड़ानें संचालित करती हैं। इसके बाद उसने फ्लाईदुबई में नौकरी के लिए आवेदन किया।
रिपोर्ट में उसके कथित बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि उसने अलग-अलग एयरलाइंस में नौकरी पाने की कोशिश की थी और किसी कंपनी में नौकरी मिलने से पहले ही हमले की योजना बना ली थी।
जुलाई में बेन गुरियन एयरपोर्ट की कथित रेकी
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमाम अपने पायलट के तौर पर पिछले कुछ महीनों में कई बार इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पहुंचा था। दावा है कि जुलाई में एक यात्रा के दौरान उसने कथित हमले के लिए एयरपोर्ट और आसपास की परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी जुटाई थी।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने पहले भी विमान को हाईजैक करने का मौका तलाशा था। हालांकि, उस समय विमान के क्रू में उसका कोई परिचित मौजूद था, जिसके चलते उसने कथित योजना को आगे नहीं बढ़ाया।
UAE में हिरासत, मौत की सजा का भी प्रावधान
हमाम अल-हम्मामी फिलहाल UAE की हिरासत में है और वहां की एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। UAE ने आधिकारिक तौर पर घटना को ‘टेररिस्ट एक्ट’ बताया है और कहा है कि हमाम ने विमान में सुरक्षा के लिए रखी गई क्रैश ऐक्स से कैप्टन स्मित पर हमला किया था।
मामले में आरोप साबित होने पर UAE के कानून के तहत उसे गंभीर सजा का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल जांच जारी है और कथित साजिश से जुड़े कई तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।