मुंबई । अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने महज तीन दिनों में दुनियाभर में 272.80 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
तीन दिनों में भारत से 211 करोड़ से ज्यादा
फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन शानदार शुरुआत करते हुए करीब 74.40 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 64.20 करोड़ और तीसरे दिन रविवार को 73.20 करोड़ रुपये कमाए।
इस तरह तीन दिनों में फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 211.80 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये की कमाई की।
‘सिंघम अगेन’ का रिकॉर्ड टूटा
‘दृश्यम 3’ ने ओपनिंग के मामले में अजय देवगन की पिछली बड़ी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘सिंघम अगेन’ ने 52.20 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी, जबकि ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन करीब 74.40 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया।
टॉम क्रूज की फिल्म से भी आगे
2 अक्टूबर को हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज की फिल्म ‘डिग्गर’ भी रिलीज हुई थी। शुरुआती वीकेंड में ‘डिग्गर’ ने दुनियाभर में करीब 192.48 करोड़ रुपये कमाए, जबकि ‘दृश्यम 3’ ने 272.80 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।
फिल्म की तेज रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स इसके लाइफटाइम कलेक्शन को लेकर भी बड़े अनुमान लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि अगर फिल्म की रफ्तार बरकरार रही तो यह 650 करोड़ रुपये तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर सकती है।
कम बजट में बनी इस फिल्म के लिए शुरुआती तीन दिनों का प्रदर्शन बेहद मजबूत माना जा रहा है और बॉक्स ऑफिस पर आने वाले दिनों में इसकी नजर अब बड़े रिकॉर्ड्स पर है।