विद्युत सामग्री चोरी रोकने में अहम भूमिका, जेई अनिल वर्मा को मिला उत्कृष्ट कार्य अवार्ड

तिल्दा-नेवरा/रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के रायपुर ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत तिल्दा उपसंभाग के तुलसी/टोहड़ा वितरण केंद्र में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता अनिल वर्मा को उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। रायपुर के डगनिया स्थित पावर कंपनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के चेयरमैन आईएएस सुबोध सिंह ने उन्हें उत्कृष्ट कार्य अवार्ड प्रदान किया।

अनिल वर्मा ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन और उपभोक्ता सेवाओं के साथ विभागीय कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। विद्युत सामग्री की लगातार हो रही चोरी के मामलों में उन्होंने अपने नियमित कार्य के अतिरिक्त लगातार सात दिनों तक महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। उनकी सक्रियता से चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। उनके इसी उल्लेखनीय कार्य को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित किया।

सम्मान मिलने के बाद अनिल वर्मा ने इसे अपने लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम नहीं है, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों, विद्युत उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पूरी टीम के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के ईडी अधिकारी ए.के. लखेरा, एसई हरि श्री मुरारी, कार्यपालन अभियंता धनंजय वर्मा और सहायक अभियंता जीतेन्द्र कुमार गजेन्द्र के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग हमेशा उनका संबल बना।

अनिल वर्मा ने विद्युत उपभोक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाग से मिला यह सम्मान उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है तथा वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला यह सम्मान विद्युत विभाग की सेवाओं के प्रति अनिल वर्मा की प्रतिबद्धता, सक्रियता और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली को रेखांकित करता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *