धमतरी। जिले के ग्राम बरारी में शासकीय भूमि पर कथित रूप से अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरारी में करीब 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी की जा रही थी। मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर काम रुकवा दिया गया।
आरोपों के घेरे में आए बरारी निवासी खूबलाल ध्रुव का कहना है कि वह पिछले करीब 40 वर्षों से इस भूमि पर काबिज है। उन्होंने बताया कि डुबान प्रभावित क्षेत्र होने के कारण वह यहां रह रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जो भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, उसे स्वीकार किया जाएगा। वहीं इस पूरे मामले में अब यह सवाल उठ रहा है कि अगर भूमि शासकीय थी तो वहां निर्माण कार्य किस आधार पर शुरू किया गया और पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं।
फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद करा दिया है। अब राजस्व रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।