6 कमरों की अनुमति, 25 कमरे संचालित; फायर NOC और ट्रेड लाइसेंस के बिना चल रहा था होटल

नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जांच में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और नियमों के बड़े उल्लंघन सामने आए हैं। इस हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद प्रशासन और जांच एजेंसियों ने होटल संचालन से जुड़ी कई चौंकाने वाली खामियों का खुलासा किया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार होटल में निर्धारित क्षमता से करीब चार गुना अधिक लोगों को ठहराया जा रहा था। अधिकारियों ने पाया कि होटल के पास न तो अनिवार्य फायर सेफ्टी एनओसी थी और न ही वैध ट्रेड लाइसेंस। इसके बावजूद भवन में होटल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

6 कमरों की अनुमति, संचालित हो रहे थे 25 कमरे

जांच में सामने आया है कि दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) नीति के तहत भवन में केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति थी, जबकि वहां करीब 25 कमरे चलाए जा रहे थे। इसके अलावा भवन में कथित रूप से बिना अनुमति अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण भी किया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक भवन संचालकों ने संबंधित विभागों में कभी पूरा बिल्डिंग प्लान जमा नहीं किया, जिसके कारण संरचनात्मक सुरक्षा और निर्माण कार्यों का सत्यापन नहीं हो सका।

एक ही निकास मार्ग बना मौत का कारण

पांच मंजिला इमारत में आपातकालीन निकासी के लिए केवल एक रास्ता उपलब्ध था। आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। मुख्य प्रवेश द्वार सेंसर आधारित था और कई खिड़कियां बंद थीं, जिसके चलते बचाव कार्य और अधिक कठिन हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से छलांग लगानी पड़ी।

फायर NOC अनिवार्य थी, फिर भी नहीं ली गई

जांच अधिकारियों के अनुसार भवन की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक थी, ऐसे में नियमों के तहत फायर एनओसी लेना अनिवार्य था। हालांकि रिकॉर्ड में ऐसी कोई मंजूरी नहीं मिली। संबंधित विभागों द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर भी भवन संचालकों की ओर से आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए।

रेस्तरां से शुरू हुई आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग की शुरुआत भवन के निचले हिस्से में स्थित रेस्तरां से हुई। बताया जा रहा है कि सुबह एक कर्मचारी द्वारा बिजली उपकरण चालू करने के कुछ समय बाद आग भड़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने विस्फोट जैसी आवाज सुनने की भी जानकारी दी है। इसके बाद आग और धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया।

होटल मालिक और पत्नी गिरफ्तार

पुलिस ने भवन मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पत्नी को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि होटल का संचालन साझेदारी में किया जा रहा था और संबंधित लोगों के दिल्ली में अन्य होटल व गेस्टहाउस से भी संबंध हो सकते हैं।

20 से अधिक पुलिस टीमें कर रहीं जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए 20 से अधिक विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें भवन निर्माण, लाइसेंसिंग रिकॉर्ड, होटल संचालन, वित्तीय लेन-देन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही हैं।

पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित विभागों की निगरानी में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई, जिसके कारण बिना आवश्यक मंजूरियों के होटल का संचालन लंबे समय तक जारी रहा

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *