रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में लंबित प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए आकाशीय बिजली गिरने से मृत व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत के बाद मुआवजा राशि का मामला लंबित था। मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर आर्थिक सहायता की मांग की थी। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राजस्व विभाग ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने ग्राम झिक्की, तहसील बगिया, जिला जशपुर निवासी मृतक के आश्रित संजय कुजूर के पक्ष में 4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने की अनुशंसा की, जिसके बाद कलेक्टर जशपुर ने आर्थिक सहायता स्वीकृत कर राशि जारी कर दी।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनके मामले पर तुरंत कार्रवाई की गई और समय पर सहायता मिलने से कठिन परिस्थितियों में उन्हें बड़ा सहारा मिला।
गौरतलब है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। यहां प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है।