अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 11 बच्चों समेत 13 की मौत से मचा हड़कंप

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगान सीमा में घुसकर हवाई हमला किया, जिसमें 11 मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई।

तालिबान प्रशासन के मुताबिक, यह हमला मंगलवार देर रात अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में किया गया। आरोप है कि पाकिस्तानी विमानों ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें कई घर तबाह हो गए।

मृतकों में बच्चे, महिला और बुजुर्ग शामिल

अफगान अधिकारियों के अनुसार, हमले में कुल 13 नागरिकों की मौत हुई है। इनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति शामिल हैं। वहीं करीब 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

तालिबान सरकार ने सभी मृतकों को शहीद घोषित किया है।

तालिबान ने की हमले की निंदा

अफगान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बयान जारी कर पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन किया गया है और आम नागरिकों को निशाना बनाना एक गंभीर अपराध है।

तालिबान प्रशासन ने इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानवीय कानूनों का उल्लंघन बताया है।

भारत ने UN में पाकिस्तान पर साधा था निशाना

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब इससे एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत ने अफगानिस्तान मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा था।

भारत ने आरोप लगाया था कि अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर सैन्य कार्रवाई करना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का उल्लंघन है।

फिलहाल पाकिस्तान की ओर से इस एयरस्ट्राइक को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं अफगानिस्तान में इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *