तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था के तहत तिल्दा-नेवरा विकासखंड के ग्राम पंचायत भुरसुदा-गुजरा में इस वर्ष पहली बार सहकारी समिति के माध्यम से धान खरीदी केंद्र शुरू किया गया है। सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 1084 भुरसुदा में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी प्रारंभ होने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
लंबे समय से क्षेत्र के किसान स्थानीय स्तर पर धान खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब समिति के प्रारंभ होने से भुरसुदा, गुजरा, परसदा सहित आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ जिला पंचायत सभापति शैल महेन्द्र साहू, सहकारी समिति के प्रथम अध्यक्ष टेकराम यदु तथा समिति प्रबंधक परमेश्वर शर्मा की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर समिति के कर्मचारियों, किसानों और ग्रामीणों ने तराजू एवं इलेक्ट्रॉनिक कांटे की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। पहले दिन ग्राम के किसान जितेन्द्र साहू एवं राधेश्याम साहू की उपज खरीदी गई। दोनों किसानों से कुल 34 क्विंटल 80 किलोग्राम धान की खरीदी की गई। इसके साथ ही समिति में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला शुरू हो गया।
किसानों को मिलेगी आवागमन की परेशानी से राहत
नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे गांवों के खरीदी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। इस कारण उन्हें परिवहन खर्च, समय और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अब गांव के नजदीक ही धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने सहकारी समिति और धान खरीदी केंद्र की शुरुआत को किसान हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
शुभारंभ कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भुरसुदा की सरपंच सरोज वर्मा, उपसरपंच राजेश नायक, पंचायत सचिव शिव वर्मा, जनपद सदस्य सेवती बैतल साहू, सतीश वर्मा, भाजपा जिला प्रचार-प्रसार मंत्री राजेश ठाकुर, पंच दिलेश्वरी साहू, परमेश्वर साहू, भुनेश्वर बारले, सोहन वर्मा, राकेश नायक, विनोद नायक, अरुण ठाकुर, रूपेश कुमार निर्मलकर, मनोज सिन्हा, कैलाश साहू, पूर्व उपसरपंच अमरनाथ साहू, कोटवार ईश्वर एवं भुप्रेन्द चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई सहकारी समिति के माध्यम से आगामी खरीदी सत्रों में भी किसानों को समय पर और सुचारू रूप से धान बेचने की सुविधा मिलती रहेगी। क्षेत्र में पहली बार शुरू हुआ यह खरीदी केंद्र किसानों की सुविधा और स्थानीय कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।