बांदीपोरा | उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के अरागम स्थित खानजपथरी इलाके में 14-15 मई को चलाए गए संयुक्त ‘सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन’ (SADO) में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया। इस दौरान भारी मात्रा में असलहा, बारूद और अन्य युद्ध जैसी सामग्री बरामद की गई।
सुरक्षाबलों ने जंगल क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक गुफाओं की तलाशी के दौरान देखा कि आतंकवादी यहाँ लंबे समय तक छिपकर रहने और रसद जुटाने का प्रयास कर रहे थे। अभियान में सेना की 13 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और CRPF की 3 बटालियन ने भाग लिया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
गोला-बारूद: 1 एके-47 मैगजीन और 22 कारतूस
कपड़े और बिस्तर: जूते, फेरन, स्वेटर, स्लीपिंग बैग, कंबल, गद्दा, चादर, रेनकोट
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: हेडफोन, पावर बैंक, सोलर प्लेट, मोबाइल चार्जर, पुराना रेडियो, पेंसिल सेल
बर्तन: गैस सिलिंडर, पतीले, परात, स्टील की प्लेटें, कड़छी, चम्मच
राशन और अन्य सामग्री: मैगी, सूप, सूखे मेवे, बिस्किट, चना, चावल, दाल और सामान्य दवाएं
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने पहले स्टन ग्रेनेड का इस्तेमाल कर यह सुनिश्चित किया कि अंदर आतंकवादियों की मौजूदगी नहीं है। इसके बाद गुफाओं की पूरी तलाशी ली गई।
एक अधिकारी ने कहा कि यह सफल अभियान इस बात का संकेत है कि आतंकवादी उत्तरी कश्मीर के घने जंगलों का उपयोग छिपने और राशन जुटाने के लिए कर रहे हैं। सुरक्षा बल इलाके में लगातार निगरानी रखकर आतंकियों की किसी भी साजिश को नाकाम करने के प्रयास में लगे हुए हैं।