रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में रविवार को एक अलग और आत्मीय तस्वीर देखने को मिली। धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय महाअधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की ‘समधी भेंट’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। दोनों नेताओं के बीच हुए स्नेहपूर्ण संवाद और तस्वीर की कैप्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों के आग्रह पर मुख्यमंत्री साय और अजय चंद्राकर ने एक साथ तस्वीर खिंचवाई। बाद में अजय चंद्राकर ने इस तस्वीर को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री को स्नेहपूर्वक ‘समधी जी’ संबोधित किया।
पोस्ट में अजय चंद्राकर ने लिखा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है और वे उन्हें आत्मीयता से ‘समधी जी’ कहते हैं। उन्होंने कहा कि समाजजनों के आग्रह पर ली गई यह तस्वीर उनके लिए एक यादगार पल बन गई।
अजय चंद्राकर की पोस्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आत्मीय अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि यह स्नेहपूर्ण संबोधन उन्हें हमेशा आत्मीयता से अभिभूत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम छाती में हुई ‘समधी भेंट’ का यह क्षण उनके लिए भी स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि अजय चंद्राकर का सहज अपनापन, मिलनसार स्वभाव और समाज के लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव हमेशा विशेष रहा है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की पारिवारिक संस्कृति, अपनत्व और आपसी सम्मान का प्रतीक बताते हुए समाजजनों के स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया।
राजनीतिक गलियारों में दोनों नेताओं के बीच हुई यह आत्मीय बातचीत और सोशल मीडिया पर हुआ संवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।