LPG कीमतों से लेकर कांग्रेस तक, CM साय ने विपक्ष पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी करना उनका काम नहीं है, लेकिन इतना तय है कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है और अब उसे दोबारा हासिल करना आसान नहीं होगा।

रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस लगातार देशभर में सिमटती जा रही है, क्योंकि उसकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा जनता को गुमराह करने और ठगने का काम करती रही है, जिसके कारण लोगों का भरोसा पार्टी से उठ चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन पांच वर्षों के शासनकाल में पार्टी ने विकास के बजाय प्रदेश को नुकसान पहुंचाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यों का जवाब जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में दे दिया और सत्ता से बाहर कर दिया।

इस दौरान एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात का प्रभाव ऊर्जा बाजार पर भी पड़ता है और ऐसे समय में सभी को देशहित में सहयोग की भावना के साथ खड़ा होना चाहिए।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *