किरंदुल NMDC परियोजना में राजभाषा पखवाड़ा सम्पन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित

किरंदुल । एनएमडीसी की किरंदुल परियोजना में 14 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न हुआ। भारत सरकार की राजभाषा नीति और एनएमडीसी मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।

राजभाषा विभाग के सहायक महाप्रबंधक संजय पाटील ने बताया कि राजभाषा पखवाड़े के दौरान हिंदी टंकण, क्विज, हिंदी निबंध, हिंदी नारा लेखन और सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में परियोजना के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राजभाषा पत्रिका ‘सर्जना’ का विमोचन

29 सितंबर को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परियोजना की राजभाषा पत्रिका ‘सर्जना’ का विमोचन किया।

रवीन्द्र नारायण ने राजभाषा हिंदी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए हिंदी के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए मो. तनवीर जावेद, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने कहा कि किरंदुल परियोजना में अधिक से अधिक कार्यालयीन कार्य हिंदी में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन के साथ पत्राचार भी हिंदी में किया जाता है।

विशिष्ट अतिथि जे.सी. दास, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) सहित यूनियन पदाधिकारियों ने भी राजभाषा के महत्व पर अपने विचार रखे।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन समारोह के दौरान राजभाषा पखवाड़े में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एम. सुब्रमण्यन, महाप्रबंधक (विद्युत) संयंत्र, धीरेन भूषण, महाप्रबंधक (खनन), बी. साम्या, महाप्रबंधक (सामग्री) सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एसकेएमएस के अध्यक्ष, नोमेश्वर, सचिव, प्रदीप नामदेव, एमएमडब्ल्यू यूनियन अध्यक्ष विनोद कश्यप, सचिव ए.के. सिंह, एस. चिकाटे, उप महाप्रबंधक (सीएंडआईटी) सहित कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन संजय पाटील, सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) ने किया। ए.पी. पांडव, वरिष्ठ आशुलिपिक (हिंदी), उमेश ठाकुर और नीलिमा पाटील ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से परियोजना में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *