किरंदुल। विकासखंड कुआकोंडा में शिक्षा, पोषण और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय भव्य न्यौता भोज का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार भदौरिया, विकासखंड के अधिकारियों और 23 संकुल समन्वयकों की पहल पर विकासखंड की 201 शालाओं में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में 10,452 बच्चों ने सामूहिक भोजन किया।
आयोजन में 5,312 पालक एवं एसएमसी/एसएमडीसी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभिन्न ग्रामों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि और पालक विद्यालयों में पहुंचे तथा बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें भोजन परोसा। कई स्थानों पर पालकों और जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में भी सहयोग किया।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार भदौरिया ने कहा कि न्यौता भोज का उद्देश्य केवल बच्चों को सामूहिक भोजन कराना नहीं, बल्कि विद्यालयों को समाज से जोड़ना, बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करना और पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से मध्यान्ह भोजन योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 23 संकुलों की 201 शालाओं में एक साथ आयोजन सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय का परिणाम है। कार्यक्रम की सफलता के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पालकों, एसएमसी/एसएमडीसी सदस्यों, संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और संकुल समन्वयकों का आभार व्यक्त किया।
10,452 बच्चों और 5,312 पालक एवं एसएमसी/एसएमडीसी सदस्यों की सहभागिता वाला यह आयोजन शिक्षा, पोषण और सामाजिक भागीदारी के संगम का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।