NTPC Electron Quiz 2026-27: 9 शहरों में होगी ज्ञान की जंग, विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये

नई दिल्ली। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के छात्रों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान प्रदर्शित करने का मौका देने के लिए NTPC ने Electron Quiz 2026-27 की घोषणा की है। प्रतियोगिता की शुरुआत 5 सितंबर से लखनऊ में होने वाले क्षेत्रीय दौर से होगी, जबकि राष्ट्रीय स्तर का ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष NTPC Electron Quiz का आयोजन देश के 9 शहरों—लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में किया जाएगा। क्षेत्रीय दौर 5 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच आयोजित होंगे।

दो छात्रों की टीम लेगी हिस्सा

प्रतियोगिता में दो छात्रों की टीम भाग लेगी। इस वर्ष क्विज का विषय ‘द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखा गया है। इसका उद्देश्य छात्रों के ज्ञान को परखने के साथ उनकी तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और सवालों के जवाब देने की दक्षता को बढ़ावा देना है।

क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 60 हजार रुपये, द्वितीय स्थान की टीम को 40 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। चौथे से छठे स्थान तक आने वाली टीमों को 8-8 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर पर विजेता को 1 लाख रुपये

क्षेत्रीय मुकाबलों में शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करेंगी। प्रत्येक क्षेत्र से शीर्ष दो टीमें तीन राष्ट्रीय सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगी। इसके बाद प्रत्येक सेमीफाइनल से दो-दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल में पहुंचेंगी।

राष्ट्रीय सेमीफाइनल 7 अक्टूबर और ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को NTPC के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI) में आयोजित होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 60 हजार रुपये और तीसरे स्थान की टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 16-16 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने वाली अन्य 12 टीमों को भी 8-8 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

2004 से आयोजित हो रही है प्रतियोगिता

NTPC Electron Quiz का आयोजन पिछले दो दशकों से अधिक समय से किया जा रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 2004 में हुई थी। NTPC के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छात्रों में सीखने की रुचि, ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देना है। समय के साथ यह प्रतियोगिता कंपनी के प्रमुख छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों में शामिल हो गई है।

NTPC भारत सरकार की महारत्न कंपनी है और देश की प्रमुख एकीकृत ऊर्जा कंपनियों में शामिल है। कंपनी की स्थापित क्षमता 91 गीगावाट से अधिक है। NTPC ने 2032 तक 60 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा कंपनी न्यूक्लियर पावर, बैटरी एनर्जी स्टोरेज, कार्बन कैप्चर और ग्रीन केमिकल्स जैसी नई तकनीकों पर भी काम कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *