बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन अब धीरे-धीरे मौत के आंकड़ों ने भी रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। जिले में सोमवार को 441 नए मरीज मिले। वहीं विभिन्न् अस्पतालों में भर्ती चार कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें दो बिलासपुर जिले और अन्य दो जांजगीर-चांपा जिले के निवासी हैं। मौत की संख्या बढ़ने से फिर कोरोना महामारी की दहशत लोगों में बढ़ने लगी है।
संक्रमण की रफ्तार को कम करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है, लेकिन संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही क्रम में चल रहा है। इसी बीच अब मरीजों की मौत होने के आंकड़े भी बढ़ने लगे हैं। बीते रविवार को एक की मौत हुई थी। वहीं सोमवार को एक साथ चार मरीजों की मौत ने दूसरी लहर के शुरुआती दिनों की याद दिला दी है।
ठीक इसी तरह दूसरी लहर में मौत का आंकड़ा बढ़ा था फिर स्थिति भयावह हो गई थी। वहीं अब तीसरी लहर में भी कुछ ऐसी ही स्थिति बन रही है। इससे जिला प्रशासन के साथ ही जिलेवासी भी डरे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक चिंता इस बात की भी है कि बाजार में लोगों की भीड़ कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। ऐसे में यदि लोग लापरवाही करते हैं तो इसके दोबारा गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।