बादल और बूंदाबांदी से सब्जी फसल को फिर नुकसान, धान खरीदी भी प्रभावित

दुर्ग। मौसम में आए बदलाव के बाद सोमवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और बूंदाबांदी भी होती रही। न्यूनतम तापमान बढ़ने के साथ ही दिनभर धुंध भी छाया रहा। मौसम में अचानक आए बदलाव का असर चना, गेहू, दलहन और सब्जी फसल पर देखने को मिल रहा है।

खराब मौसम की वजह से पखवाड़े भर के भीतर सब्जी फसल को दूसरी बार नुकसान पहुंचा है। वहीं मौसम विभाग ने आगे भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी है।

रविवार शाम मौसम में आए बदलाव का असर सोमवार को भी देखने को मिला। सोमवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए और दोपहर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। हालाकि बारिश की रफ्तार तेज नहीं थी। लेकिन बादल और बारिश का असर दुर्ग के अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर देखने को मिला।

अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

इस तरह से न्यूनतम तापमान एक ही दिन 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। मौसम खराब होने की वजह से दिनभर धुंध भी छाया रहा। इसकी वजह से सुबह के समय लोगों को आवागमन में परेशानी भी हुई।

सेमी, गोभी, टमाटर सहित अन्य फसलों को नुकसान

बेमौसम बरसात की वजह से सब्जी फसल को एक बार फिर नुकसान पहुंचा है। पखवाड़े भर पहले हुई बारिश में चना, गेहूं, तिवरा सहित सब्जी फसलों को नुकसान पहुंचा था। जिले में करीब 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल मे रवि फसल लगाई गई है।

जिसमें से 10 हजार हेक्टेयर में तिवरा व साढ़े सात हजार हेक्टेयर में सब्जी फसल लगी हुई है। बोड़ेगांव के किसान रवि प्रकाश ताम्रकार ने बताया कि बादलव बारिश की वजह से टमाटर,सेमी,गोभी,भाटा,पत्ता गोभी सहित सब्जी की अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

टमाटर प्रीमच्योर हो जाएगा। वहीं कीट प्रकोप की वजह से सेमी,गोभी सहित अन्य सब्जी फसल खराब हो जाएगी। मोहलई के किसान कृष्णा देवांगन ने बताया कि आने वाले दिनों में टमाटर के खरीददार नहीं मिलेंगे। 15 दिन पहले हुई बारिश में भी सब्जी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *