हैदराबाद । एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद में 14 सितंबर से 13 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे ‘राजभाषा माह-2026’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यार्थियों में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा हिंदी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 24 सितंबर को सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध लेखन एवं हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में नामपल्ली व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमान व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय, तेलंगाना मॉइनॉरिटी गुरुकुल आसिफ नगर बालक विद्यालय, इंडो ग्रामर उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा शंकरजी मेमोरियल कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। इसमें ‘जलवायु परिवर्तन: भावी पीढ़ियों पर प्रभाव’, ‘छात्रों के समग्र विकास में खेलकूद की भूमिका’ तथा ‘समय प्रबंधन: सफलता की कुंजी’ जैसे विषय रखे गए। वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें ‘वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में युवा पीढ़ी की भूमिका’ तथा ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता: रोजगार पर प्रभाव’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में हिंदी शिक्षण योजना के सेवानिवृत्त सहायक निदेशक श्री जयशंकर प्रसाद एवं श्रीमती नीलिभा तिवारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एनएमडीसी के उप महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री चे. श्रीनिवास राव ने निर्णायकगण, विद्यालय समिति के प्रतिनिधियों, प्राचार्यों, शिक्षकों तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की हिंदी लेखन प्रतिभा को निखारना तथा राजभाषा हिंदी बोलने में होने वाली झिझक को दूर करना है।
वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. रजिंदर कौर ने प्रतियोगिताओं के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। कार्यक्रम के आयोजन में उप प्रबंधक (सचिवालय) श्री एस.के. सनोडिया की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर नामपल्ली व्यायामशाला उच्च माध्यमिक विद्यालय के मानद अध्यक्ष श्री बी. दुर्गा प्रसाद, विद्यालय समिति के सदस्य, प्राचार्य एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विद्यार्थियों को एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद की ओर से शिक्षण सामग्री से संबंधित किट प्रदान की गई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ दोनों प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।