द्वारका एक्सप्रेसवे के जाम पर NHAI का बड़ा एक्शन, स्थायी समाधान के लिए बनेगा मास्टरप्लान

नई दिल्ली। दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से परेशान वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय उच्चमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए मास्टरप्लान तैयार करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके तहत जल्द ही एक्सप्रेसवे के लिए एक कंसल्टेंट नियुक्त किया जाएगा, जो पूरी मार्ग रूट का तकनीकी अध्ययन करेगा और सुधारों के सुझाव देगा।

NHAI के अनुसार, कंसल्टेंट एक्सप्रेसवे की मौजूदा खामियों, ट्रैफिक दबाव और बाधाओं का विश्लेषण करेगा। इसके बाद जाम कम करने के लिए जरूरी ढांचागत बदलाव और तकनीकी सुधार सुझाए जाएंगे।

उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली के द्वारका, पालम, उत्तम नगर और नजफगढ़ सहित हरियाणा के आसपास के जिलों से रोजाना हजारों लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण एक्सप्रेसवे पर पीक आवर्स में कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को 40-50 मिनट अतिरिक्त समय बर्बाद करना पड़ता है।

इंजीनियरिंग खामियां बढ़ा रही जाम

यात्रियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे की डिजाइन और ट्रैफिक मर्जिंग सिस्टम में कमी के कारण जाम की स्थिति गंभीर है। टनल से निकलने वाले वाहन NH-48 से आने वाले ट्रैफिक के साथ मर्ज होते हैं, जिससे वाहनों का बहाव रुक जाता है। धौला कुआं से रजोकरी रोड की ओर आने वाले वाहनों का दबाव भी इस जाम को और लंबा करता है।

इस समस्या के कारण रोजाना वाहन चालकों को ईंधन पर भी भारी खर्च उठाना पड़ता है। लोग बता रहे हैं कि जाम के चलते रोजाना लगभग 100-120 रुपये का अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल खर्च होता है, जिससे महीने में लगभग 2500-3000 रुपये अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया निरीक्षण

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने हाल ही में पीक ऑवर्स में मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाम की समस्या गंभीर है और इसके स्थायी समाधान के लिए NHAI को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

NHAI ने कंसल्टेंट की मदद से एक्सप्रेसवे की संरचना, ट्रैफिक दबाव और तकनीकी खामियों का अध्ययन करने का निर्णय लिया है। इसके आधार पर जरूरी ढांचागत सुधारों और ट्रैफिक व्यवस्थाओं में बदलाव के लिए काम शुरू किया जाएगा, ताकि द्वारका एक्सप्रेसवे पर लगने वाला जाम कम हो सके और यात्रियों की परेशानी दूर हो।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *