शाला प्रवेश उत्सव में नव प्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की नींव

अजय नेताम , तिल्दा नेवरा। स्थानीय बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों एवं नव प्रवेशी छात्रों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, दीप प्रार्थना, सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अग्रवाल महिला मंडल तिल्दा इकाई की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में मीना अग्रवाल, पार्षद रानी सौरभ जैन, मंजू अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, संजू कथा सिंघानिया, ममता रायखेड़ा, गणेश शर्मा, डॉ. लक्ष्मण साहू, आनंद शर्मा, दिलहरण निषाद एवं सौरभ जैन शामिल रहे।

अतिथियों और शिक्षकों ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को चंदन तिलक लगाकर पाठ्य पुस्तकें, नोटबुक और पेन भेंट किए। साथ ही मिठाई खिलाकर उनका विद्यालय में स्वागत किया गया। कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का भी तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महिला मंडल की तिल्दा इकाई द्वारा विद्यालय को वाटर प्यूरीफायर एवं वाटर कूलर प्रदान किया गया। शाला प्रबंधन समिति ने इस सहयोग के लिए महिला मंडल का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि नीलम अग्रवाल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करें, क्योंकि शिक्षा ही देश की मजबूत नींव है | पार्षद रानी सौरभ जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे देश का भविष्य हैं। अच्छी शिक्षा ग्रहण कर वे विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में योगदान दें।

शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। विद्यार्थियों को मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

समिति सदस्य सौरभ जैन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन किया। अन्य अतिथियों ने भी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता नरेंद्र रात्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में संस्था के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *