काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों के बीच भारत लगातार मदद पहुंचा रहा है। भारत की ओर से मिल रही सहायता को लेकर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बुधवार को संसद में भारत का आभार जताया और कहा, “थैंक्यू इंडिया।”
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संसद में कहा कि आपदा के बाद सरकार ने पहले दिन से ही अंतरराष्ट्रीय सहयोग लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि भारत और चीन जैसे मित्र देशों ने शुरुआती दौर में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई और प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने में मदद की।
भारत ने भेजी राहत की पांचवीं खेप
बालेन शाह ने बताया कि भारत की ओर से लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। इसमें खाद्य सामग्री, दवाइयां, पुल निर्माण से जुड़ी सामग्री और डीएनए विशेषज्ञों की टीम शामिल है।
बुधवार, 2 सितंबर को भारत ने राहत सहायता की पांचवीं खेप नेपाल भेजी, जो काठमांडू पहुंच चुकी है। राहत एवं बचाव अभियान को गति देने के लिए भारत ने 11 सदस्यीय रेस्क्यू टीम भी भेजी है।
26 अगस्त की बाढ़ से भारी तबाही
नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के बाद कई इलाकों में हालात बेहद गंभीर हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 1,127 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4,000 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
संकट की इस घड़ी में भारत समेत कई देशों की ओर से नेपाल को राहत और बचाव के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर सरकार की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि आपदा के समय मदद लेने से इनकार करने का सवाल ही नहीं उठता।