NEET-UG 2026 | पेपर लीकनेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 के पेपर लीक मामले में नया मोड़ सामने आया है। जांच एजेंसियों ने नासिक कनेक्शन का खुलासा किया है और एक संदिग्ध को इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। इस व्यक्ति से राजस्थान पुलिस और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
केरल से शुरू हुआ मामला
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मामला केरल में केंद्रित है। राजस्थान के चुरू जिले का एक कैंडिडेट केरल में MBBS कर रहा है और उसने सीकर में एक पीजी संचालक को गेस पेपर दिया, जिसे बाद में लीक सवाल का सेट माना गया। इस मामले में देहरादून से भी संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जांच के दायरे में अब कई राज्यों के कनेक्शन भी आते दिख रहे हैं।
प्रिंटिंग प्रेस तक संदिग्ध कड़ी
जांच एजेंसियों का शक है कि पेपर लीक सीधे प्रिंटिंग प्रेस या मूल पेपर सोर्स से हुआ हो सकता है। इसका मतलब है कि मामला सिर्फ कोचिंग सेंटर तक सीमित नहीं है, बल्कि पेपर ट्रांसपोर्ट चैन और प्रिंटिंग सिस्टम तक पहुंच सकता है। CBI इन सभी संभावित जगहों की छानबीन कर रही है।
22 लाख छात्रों के भविष्य पर असर
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। कई छात्रों का कहना है कि उनकी मेहनत पर प्रश्नचिन्ह लग गया है और सिस्टम पर भरोसा कमजोर हुआ है।
जून में हो सकता है दोबारा आयोजन
NEET UG 2026 का पहला आयोजन 3 मई को किया गया था और 6 मई को प्रोविजनल आंसर-की जारी हुई थी। अब परीक्षा रद्द होने के कारण जून में ही दोबारा आयोजन होने की संभावना है। इसका कारण यह है कि वर्तमान में CUET UG 2206 चल रही है, जो 30 मई तक पूरी होगी। NTA दोबारा परीक्षा के लिए सभी इंतजाम पुख्ता कर रहा है, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखा जा सके।
इस मामले में सीबीआई की ताबड़तोड़ छापेमारी और विस्तृत जांच जारी है, ताकि दोषियों की पहचान कर समय पर कार्रवाई की जा सके।