रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर जनआंदोलन खड़ा करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक और सतर्क रहना होगा। उन्होंने विशेष रूप से मानव तस्करी के मामलों में परिचित लोगों द्वारा नौकरी और बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को जाल में फंसाने की घटनाओं पर चिंता जताई।
मानव तस्करी रोकने के लिए जागरूकता जरूरी
मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी, लेकिन सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने कहा कि परिवारों को भी बच्चों और बेटियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं के सम्मान की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान केवल शासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सहायता के लिए 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां हिंसा से प्रभावित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
इसके अलावा 24 घंटे महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की सुविधा उपलब्ध है। महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस का अभिव्यक्ति ऐप भी महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने में मदद कर रहा है।
महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर रही हैं। वहीं, प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी मजबूत हो रही है।
कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। इसी दिशा में राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कार्यशाला में शामिल सभी प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि यहां प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों को व्यवहार में लागू किया जाए, ताकि महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार हो सके।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।