राष्ट्रीय खेल दिवस: ओपी चौधरी ने खिलाड़ियों को दी बधाई, युवाओं से खेल को जीवनशैली बनाने की अपील

रायपुर । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण साधन हैं।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि खेलों से अनुशासन, समर्पण, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। ये गुण युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

खेलों से मजबूत होता है राष्ट्र निर्माण

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने का अवसर है। यदि खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर, बेहतर संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन मिले, तो भारत खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।

मंत्री ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियां देश का गौरव बढ़ाती हैं। खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और नई प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

युवाओं से खेल को जीवनशैली बनाने का आह्वान

श्री ओपी चौधरी ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से खेल को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं।

उन्होंने सभी से स्वस्थ, सशक्त और विजयी भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से भारत की खेल शक्ति और मजबूत होगी तथा देश के युवा अंतरराष्ट्रीय मंच पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *