रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व मिले अधेड़ महिला के जले हुए शव के अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। शव के पास घसीटने के निशान मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पहचान में आई बड़ी चुनौती
घटना के बाद मृतका की पहचान करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने सोशल मीडिया, स्थानीय इकाइयों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
इसी दौरान पता चला कि लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाला इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रहने वाली महिला अचानक लापता हैं। बाद में मृतका की पहचान जशपुर जिले के ग्राम बोरो निवासी 60 वर्षीय मंगरिता एक्का के रूप में हुई।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी इमिलीयूस तिग्गा और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों लिव-इन में रह रहे थे। हालांकि महिला द्वारा बार-बार विवाद और शक किए जाने से आरोपी नाराज था।
वारदात की पूरी कहानी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 17 जून को शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसने साड़ी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को झाड़ियों में छिपाकर बाद में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
सबूत बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस का बयान
एसएसपी ने कहा कि अंधे कत्ल जैसे मामलों में तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से तेजी से कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।